Responsive Ad Slot

ताजा खबर

latest

Bijuri News: कोयलांचल नगरी बिजुरी में छठ घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

छठ पूजा बिजुरी,बिजुरी छठ घाट,देवी तालाब बिजुरी,अस्ताचलगामी सूर्य अर्घ्य,कोयलांचल नगरी बिजुरी,सूर्य उपासना,छठ पर्व 2025

सोमवार, 27 अक्टूबर 2025

/ by News Anuppur

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की मंगलकामना

कमलेश मिश्रा, बिजुरी। कोयलांचल नगरी बिजुरी में छठ पर्व के अवसर पर सोमवार को आस्था का अद्भुत नाजारा देखने को मिला। देवी तालाब स्थित छठ घाट पर हजारों श्रद्धालु सूर्य उपासना के लिए एकत्र हुए। दोपहर से ही व्रतियों की कतारें घाट की ओर बढ़ने लगीं और शाम होते-होते पूरा परिसर श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो गया।

सूर्य मंदिर देवी तालाब पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ देखते ही बन रही थी। भगवान सूर्य के अस्ताचल गमन के समय जब लाल गोला क्षितिज में विलीन होने लगा तो जय छठी मईया और सूर्य भगवान की जय के जयघोषों से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने दूध, जल और प्रसाद से अर्घ्य अर्पित कर लोक मंगल की कामना की।

छठ पर्व की तैयारियों में नगरपालिका परिषद बिजुरी की टीम ने विशेष भूमिका निभाई। अध्यक्ष सहबीन पनिका, उपाध्यक्ष प्रीति शर्मा, पार्षदगण एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी पवन साहू के निर्देशन में घाटों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और सजावट का कार्य कई दिनों से चल रहा था। देवी तालाब अब पूरी तरह रोशनी, झालरों और पुष्प सजावट से निखर उठा है।

सायं चार बजे तक घाट का हर कोना श्रद्धालुओं से भर गया था। व्रतियों ने तीन वेदियों पर पूजन-अर्चन किया, दीपक जलाए और भगवान सूर्य के दर्शन की प्रतीक्षा की। जैसे ही सूर्य क्षितिज में समाया, वातावरण उल्लास और भक्ति से भर उठा।

इस अवसर पर सूर्य षष्ठी कमेटी के अध्यक्ष विक्रम सिंह, डी.डी. गिरी, रमाकांत गिरी, दारा सिंह, लखनलाल पनिका, डी.एन. मिश्रा, रिंकू शर्मा (मंडल अध्यक्ष, भाजपा), कैलाश कोल (महामंत्री) सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नगर पालिका के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मंगलवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन होगा।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

'
Don't Miss
© all rights reserved
made with NEWSANUPPUR