Responsive Ad Slot

ताजा खबर

latest

अमरकंटक नपा उपाध्यक्ष के विरूद्ध अविश्वास 30 को, अध्यक्ष का टला

अमरकंटक नपा उपाध्यक्ष के विरूद्ध अविश्वास 30 को, अध्यक्ष का टला

बुधवार, 16 सितंबर 2020

/ by News Anuppur




कलेक्टर ने सम्मिलन के दिए निर्देश, 23 को 10 असंतुष्ट पार्षदों ने सौंपा था अविश्वास प्रस्ताव
अनूपपुर।
तीन वर्षो पूर्व अमरकंटक में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनाव में विजयी हुई अध्यक्ष प्रभा पनाडिय़ा व उपाध्यक्ष रामगोपाल द्विवेदी के खिलाफ 23 जुलाई को 10 असंतुष्ट पार्षदों द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए अविश्वास प्रस्ताव में अब कलेक्टर ने उपाध्यक्ष के लिए पार्षदों का सम्मिलन बुलाया है। यह सम्मिलन 30 सितम्बर की सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। इसके लिए नगरपरिषद पार्षद सहित उपाध्यक्ष और सीएमओ को निर्देश पत्र भेज दिए गए हैं। प्रकरण में नगरपरिषद अध्यक्ष के लिए यह सम्मिलन आयोजित नहीं हो सकेगा। कोरम के अभाव में कलेक्टर ने अध्यक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को रोक दिया है।


कलेक्टर द्वारा दिए गए आदेश पत्र में स्पष्ट बताया गया है कि नगरपरिषद अमरकंटक के 10 पार्षदों ने सामूहिक रूप से अध्यक्ष के विरूद्ध अविश्वास लाया गया था। मप्र नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 47 (5) के वर्णित प्रावधानों के अंतर्गत 3/4 सदस्यों(पार्षदों)के हस्ताक्षर प्रस्ताव में होना आवश्यक है। लेकिन प्रस्तुत प्रस्ताव पर 15 पार्षद में 10 सदस्यों के ही हस्ताक्षर पाए गए हैं। जिससे कोरम की पूर्ति नहीं हो सकी है। यहां कोरम के लिए कम से 12 पार्षदों का होना अनिवार्य है। जिसके कारण अध्यक्ष नगरपरिषद अमरकंटक के विरूद्ध अविश्वास की कार्रवाई नहीं की जा सकेगी। अपर कलेक्टर सरोधन सिंह ने बताया कि अगर पार्षदगण कोरम के आधार पर पुन: रिकॉल करते हैं तो उनके पत्र को शासन और निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा। लेकिन वर्तमान में उनके द्वारा सौंपे गए अविश्वास प्रस्ताव में कम सदस्यों के कारण यह कार्रवाई पूरी नहीं की जा सकती।

विदित हो कि 23 जुलाई को कलेक्टर को सौंपे गए अविश्वास प्रस्ताव पत्र में नगरपालिका अध्यक्ष व उपाध्यक्ष द्वारा परिषद में विश्वास खोने का आरोप लगाकर अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ पार्षदों का सम्मिलन बुलाने की अपील की गई थी। नप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ अमरकंटक के 12 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था। इससे पूर्व ये सभी असंतुष्ट पार्षदों ने शहडोल सम्भागायुक्त को भी अविश्वास प्रस्ताव सम्बंधी पत्र सौंपा था। जिसमें जल्द ही नगर परिषद का अविश्वास प्रस्ताव में पार्षदों का सम्मिलन बुलाने की मांग रखी थी। अमरकंटक नगरपरिषद अंतर्गत 15 वार्ड हैं। जिसमें भाजपा समर्थित 11 पार्षद, कांग्रेस समर्थित 3 और निर्दलीय से 1 पार्षद चयनित है। इनमें वार्ड क्रमांक 1  समीर मानिकपुरी भाजपा, 2 रोशन पनाडिय़ा भाजपा, 3 सुनिधि सिंह भाजपा, 4 राज कुमार भाजपा, 5 लोकेश्वर सिंह भाजपा, 6 मालती बाई कांग्रेस, 7 श्यामकली परस्ते कांग्रेस, 8 सुरूचि सिंह भाजपा, 9 कृष्ण कुमार महोबिया भाजपा, 10 वंदना मिश्रा भाजपा, 11 संत हनुमान दास निर्दलीय, 12 रामगोपाल द्विवेदी भाजपा, 13 उमाशांति द्विवेदी कांग्रेस, 14 रेखा द्विवेदी भाजपा, 15 अंजना कटारे भाजपा है।

'
Don't Miss
© all rights reserved
made with NEWSANUPPUR