वाहनो सहित राहगीरों को जबरन रोकर मारपीट व वसूली करने पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
अनूपपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत केड़िया पेट्रोल के सामने रात के समय दो युवको द्वारा शराब के नशे में अपनी बाइक को बीच सड़क पर खड़ी कर घंटो आंतक मचाया। जहां आने जाने वाले राहगीरों व वाहनों को जबरन रोककर अपशब्दो का प्रयोग करने लगे। इस बीच मार्ग में आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। इस बीच दोनो युवको द्वारा जैतहरी की ओर से आ रहे ट्रक को रोककर लिया और चालक से पैसो की मांग करने लगे तथा चालक द्वारा मना करने पर उसके साथ भी मारपीट करने लगे। इस बीच सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। जहां मौके पर पहुंची पुलिस ने घंटो मशक्कत के बाद दोनो युवको को थाना लेकर पहुंची और ट्रक चालक दशरथ पिता हंसलाल राठौर की शिकायत पर संघ राज पटेल एवं रोहित पटेल निवासी पुरानी बस्ती के खिलाफ धारा 327, 341, 323, 294, 506 एवं 34 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जानकारी के अनुसार केड़िया पेट्रोल पंप के पास 3 नवम्बर की रात लगभग 9.30 बजे संघ राज पटेल एवं रोहित पटेल निवासी पुरानी बस्ती अनूपपुर द्वारा शराब के नशे में अपनी बिना नंबर की मोटर साईकिल को बीच सड़क में खड़ा कर घंटो आंतक मचाते रहे और आने जाने वाले राहगीरों के साथ अभद्रता करते हुये उनके साथ मारपीट करने लगे। इस बीच दोनो युवको ने बीच सड़क पर खड़े होकर जैतहरी की तरफ से आ रहे ट्रक क्रमांक जेएच 02 एवाई 8552 को रोकर चालक दशरथ पिता हंसलाल राठौर निवासी अमगवां जैतहरी से जबरन दारू और मुर्गा के नाम पर 500 रूपये की मांग करने लगे, जहां चालक के मना करने पर ट्रक में चढ़कर अपशब्दो का प्रयोग करते हुये चालक को ट्रक से नीचे उतारते हुये लात घुसों से मारपीट करने लगे, इस बीच अन्य चालक साथियों द्वारा बीच बचाव किया गया। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को दोनो युवको पर काबू पाने में घंटो मशक्कत करनी पड़ी। इस बीच आवागमन घंटो बाधित होने व वाहनों की लंबी कतार लगे होने पर पुलिस द्वारा मार्ग को चालू करवाते हुये दोनो युवको को थाना ले जाया गया।
कोतवाली निरीक्षक अमर वर्मा ने बताया कि दो युवको द्वारा केड़िया पेट्रोल पंप के पास शराब के नशे में आने जाने वाले राहगीरों के साथ मारपीट करने तथा वाहनो को जबरन रोके जाने की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल को भेजा गया था। वहीं मामले में ट्रक चालक दशरथ राठौर की शिकायत पर संघ राज पटेल व रोहित पटेल के खिलाफ जबरन वसूली किये जाने, आने जाने वाले लोगो को जबरन रोके जाने सहित अभद्रता व मारपीट किये जाने पर मामला पंजीबद्ध कर दोनो आरोपियों को 4 नवम्बर को न्यायालय में पेश किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें