सजेगी सुरों की महफिल, श्रुति जायसवाल और सुनील मानिकपुरी बनेंगे आकर्षण का केंद्र
अनूपपुर। जिले
के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में शामिल संकल्प महाविद्यालय अनूपपुर द्वारा आयोजित होने वाला संकल्प महोत्सव 2026
इस वर्ष 27 फरवरी कल भव्य और आकर्षक रूप में आयोजित किया जा रहा है। महाविद्यालय परिवार की ओर से इस
बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक उत्सव में क्षेत्र के सभी गणमान्य नागरिकों,
अभिभावकों, विद्यार्थियों तथा आम जनमानस को सादर
आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों के अनुसार संकल्प महोत्सव केवल
मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कृति,
सामाजिक चेतना और युवा प्रतिभा का विराट संगम है। इस आयोजन का
उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना तथा समाज और शिक्षा के बीच
मजबूत संवाद स्थापित करना है।
महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों द्वारा
विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य, संगीत,
नाटक, लोक प्रस्तुतियों तथा रचनात्मक
गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही शैक्षणिक उपलब्धियों और नवाचारों
को भी प्रदर्शित करने की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे
छात्र-छात्राओं को प्रेरणा मिल सके।
इस बार महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण
मनोरंजन जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में बॉलीवुड की
लोकप्रिय गायिका श्रुति जायसवाल अपनी सुरमयी प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध
करेंगी। वहीं छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोकगायक सुनील मानिकपुरी अपनी लोकधुनों से
सांस्कृतिक रंग बिखेरेंगे। इसके अतिरिक्त पारंपरिक गुदुम कलाकारों द्वारा प्रस्तुत
लोक वाद्य और नृत्य का अद्भुत संगम भी दर्शकों को देखने को मिलेगा।
आयोजन समिति का कहना है कि यह संध्या
संगीत, लोकसंस्कृति और युवा ऊर्जा का ऐसा संगम
होगी जो उपस्थित जनसमूह के लिए लंबे समय तक यादगार बनी रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर
सुव्यवस्थित व्यवस्थाएँ, सुरक्षा प्रबंध तथा दर्शकों के बैठने की
विशेष सुविधा सुनिश्चित की जा रही है।
महाविद्यालय प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों
से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर विद्यार्थियों का
उत्साहवर्धन करें और इस सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाएं। आयोजकों के अनुसार यह
महोत्सव शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एकता, सांस्कृतिक
गौरव और युवा शक्ति का सशक्त प्रतीक बनकर उभरेगा।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें