संगठन की छवि से समझौता नहीं, नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
अनूपपुर। पवित्र
नगरी अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में 13
अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी की जिला
संगठन बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला प्रभारी संजय साहू और जिला अध्यक्ष हीरा
सिंह श्याम ने संगठन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को
अनुशासन और सक्रियता का सख्त संदेश दिया। जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह के
अनुसार बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री
सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
जिला प्रभारी संजय साहू ने स्पष्ट कहा
कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है। सोशल मीडिया पर पार्टी विरोधी गतिविधियों या
अनुशासनहीनता को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए
कि ऐसे कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए, जरूरत
पड़ने पर पार्टी से बाहर भी किया जा सकता है।
उन्होंने दो टूक कहा कि पद काम करने के
लिए दिया जाता है, गाड़ी में बोर्ड लगाने के लिए नहीं। जो कार्यकर्ता संगठन का
काम नहीं करेंगे, उनसे पद और बोर्ड दोनों वापस ले लिए जाएंगे। बैठक में गांव चलो
अभियान, आजीवन सदस्यता,
निधि प्रशिक्षण और अंबेडकर जयंती से
जुड़े कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। संजय साहू ने मंडल अध्यक्षों और
महामंत्रियों से व्यक्तिगत चर्चा कर प्रगति जानी।
बूथ स्तर पर सक्रियता पर जोर
जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने सभी
मोर्चा और प्रकोष्ठों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि
प्रत्येक बूथ पर सकारात्मक संदेश देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और संगठन के
हर कार्य को गंभीरता से पूरा किया जाए। बैठक के दौरान नव नियुक्त मंडल प्रभारियों
और मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। नेतृत्व ने उनसे संगठन हित
में बेहतर कार्य करने की अपेक्षा जताई।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें