Responsive Ad Slot

REWA लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
REWA लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

Rewa : नहर में कपड़ा धोने गई तीन बहने एक दूसरे को बचाने में डूबी

कोई टिप्पणी नहीं

रविवार, 18 दिसंबर 2022

गांव में छाया मातम, गोताखोरी की मदद से निकाला गया शव 

रीवा।  शहर के विश्वविद्यालय थाना सोनौरा-इटौरा के बीच गुजरने वाली बाणसागर की नहर में रविवार दोपहर 12 बजे तीन बहनों की डूबने से मौत हो गई. सूचना के बाद पहुंची विश्वविद्यालय पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों शव बरामद कर लिया है। परिजनों ने बताया कि सबसे छोटी वाली बहन नहर में नहाते समय गहरे पानी में चली गई. छोटी बहन को डूबता देख उसकी दो बड़ी बहनें बचाने के लिए नहर में उतर गई. देखते ही देखते तीनों बहनें डूब गईं. नहर के पास के खेत में काम कर रही एक महिला ने तीनों को बचाने के लिए दौड़ी लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।

विश्वविद्यालय थाना प्रभारी निरीक्षक विद्यावारिध तिवारी ने बताया कि गढ़ क्षेत्र के लालगांव चौकी अंतर्गत कोलहई गांव निवासी शिवकुमार साकेत शहर के इटौरा में रहते हैं, दोनों पति-पत्नी मजदूरी करते थे। रविवार की सुबह 9.30 बजे शिवकुमार साकेत अपनी पत्नी को लेकर मजदूरी करने निकल गया. घर में चार बेटियां और एक बेटा था. ऐसे में रेशू साकेत 18 वर्ष, रन्नू साकेत 16 वर्ष और रेश्मा साकेत 13 वर्ष कपड़े धोने के लिए घर से नहर की ओर चली गई. विरासत मैरिज गार्डेंन के पीछे सोनौरा-इटौरा के बीच कामता कोल के घर से नजदीक बने घाट पर तीनों बहने कपड़े धोने के बाद एक-एक कर नहाने के लिए नहर में उतरी थीं। इसी बीच रेश्मा साकेत का पैर नहाते समय फि सल गया और वो गहरे पानी में जाने लगी. छोटी बहन को डूबता देख रन्नू साकेत ने बचाने की कोशिश की तो वह भी डूबने लगी. अंत में रेशू साकेत बचाने के लिए नहर में उतरी. इस तरह तीनों बहनें डूबती चली गईं. तीनों को डूबते हुए स्थानीय महिला संध्या रावत ने देखा, संध्या ने बचाने की कोशिश की लेकिन नहीं बचा सकी।

सूचना मिलने पर पहुंची गोताखोर टीम 

अपने आंखों के सामने तीन बहनों को डूबता हुआ देख संध्या रावत ने शोर मचाया. इसके बाद दोपहर एक बजे डायल 100 को सूचना दी गई। जानकारी के बाद विश्वविद्यालय थाने का अमला पहुंचा। तुरंत स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों की लाश नहर से बाहर निकाली गई। बच्चियों के परिजनों को जानकारी देकर पुलिस ने पंचनामा बनाया. इसके बाद मर्ग कायम कर संजय गांधी अस्पताल पीएम के लिए शवों को भेज दिया गया।

Action में दिखे महापौर, लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार के खिलाफ दर्ज करायें Fir

कोई टिप्पणी नहीं

बुधवार, 14 दिसंबर 2022

रीवा। शहर की पेयजल व्यवस्था को लेकर महापौर अजय मिश्र बाबा ने नगर निगम में अधिकारियों की बैठक ली और समीक्षा की. पाइप तोड़ने जाने को लेकर संबंधित ठेेकेदार के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के लिये कहा।  

नगर पालिक निगम महापौर अजय मिश्रा बाबा ने पीएचई शाखा की समीक्षा बैठक ली। जिसमें महापौर एक्शन मोड पर दिखे व अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि कोई ऐसा दिन नहीं होता जब सुबह से लेकर शाम तक पेयजल की शिकायत उनके पास न पहुंचे, एक शिकायत का निराकरण होता है कि दूसरी पहुंच जाती है। शर्म की बात है कि बीते वर्षो में अरबो रुपए पेयजल के नाम पर खर्च किए जा चुके हैं लेकिन एक ऐसा वार्ड नहीं जहां जनता को मीठा पानी पूरी तरह से मिलता हो. जनता के सामने सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है और इसे हर हाल में दूर किया जाए। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि पेयजल से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। बैठक में पीएचई शाखा के अधिकारियों द्वारा जानाकारी दी गई कि चोरहटा से जो नई पाइप लाइन डाली गई थी उसको विगत 1 माह के अंदर लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार द्वारा कई बार तोड़ा गया। जिससे गंदा पानी घरो में सप्लाई हो रहा है इससे संबंधित कई शिकायते आ रही हैं. महापौर ने कहा कि उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कराए और इसके बाद उनको सूचित किया जाए। आगजनी होने के कारण फॉयर स्टेशन में पानी भरने का स्रोत कम है उसको देखते हुए पडरा टंकी, सिविल लाइन टंकी, चिरहुला टंकी तीनों में टैंक भरने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिन जगहों में गंदा पानी आ रहा है और पानी नहीं जा रहा उसके लिए टोल फ्री नंबर 7970004424 में सूचना दें, जिससे कि उसका निदान किया जाए एवं ओवरटैंक बने हुए हैं पानी की टंकी या उनके चारों तरफ दीवार बनाई जाए सुरक्षा की दृष्टि से इस के संदर्भ में बैठक में तत्काल निर्णय लिया गया. बैठक में मुख्य रूप से एमआईसी सदस्य नीतू अशोक पटेल झब्बू, स्वतंत्र शर्मा, नगर निगम कार्यपालन यंत्री एसके चतुर्वेदी, सहायक यंत्री एसएन द्विवेदी, रवि तिवारी, स्वास्थ्य प्रभारी मुरारी कुमार, उपयंत्री अभिनव चतुर्वेदी, सीएमआर कंपनी के योगेंद्र चौकसे उपस्थित रहे।


Rewa मेडिकल कालेज का लिपिक 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

कोई टिप्पणी नहीं

मंगलवार, 13 दिसंबर 2022

मेडिकल बिल पास कराने मांगी थी रिश्वत, प्रधान आरक्षक का था बिल 

रीवा। श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय का लिपिक को 15 हजार की रिश्वत लेते हुए 13 दिसम्बर मंगलवार की दोपहर रंगे हाथ पकड़ा गया। लिपिक ने मेडिकल बिल पास करने के एवज में रिश्वत मांगी थी। आरोपी लिपिक को लोकायुक्त पुलिस ने मेडिकल कालेज से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शिकायकर्ता अनिल कुमार सोनी प्रधान आरक्षक थाना चुरहट जिला सीधी द्वारा 4 लाख 30 हजार 434 रूपये का मेडिकल बिल लगाया गया था। जिसे पास करने के लिये श्यामशाह मेडिकल कालेज में पदस्थ लिपिक भूपेन्द्र सिंह द्वारा 15 हजार की रिश्वत मांगी जा रही थी। जिसकी शिकायत अनिल कुमार सोनी ने लोकायुक्त एसपी गोपाल सिंह धाकड़ से की, शिकायत की पुष्टि के बाद आरोपी को रंगे हाथ पकडने की योजना बनाई गई। मंगलवार की दोपहर आरोपी ने शिकायकर्ता को पैसे लेकर मेडिकल कालेज अपने कक्ष में बुलाया था। दोपहर जैसे ही पैसे दिये उसी समय लोकायुक्त पुलिस ने दबोच लिया। 15 हजार रूपये लेते हुए आरोपी लिपिक को गिरफ्तार कर लिया गया। कार्यवाही का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार ने किया साथ में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक जियाउल हक सहित 12 सदस्यीय टीम मौजूद रही। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण कायम कर जांच की जा रही है।

लोकायुक्त एसपी गोपाल सिंह धाकड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायकर्ता अनिल कुमार सोनी जो कि चुरहट थाने में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ है, उसके द्वारा मेडिकल बिल 430334 रूपये का लगाया गया था। नागपुर में इलाज कराया था, बिल पास करने के एवज में आरोपी सहायक ग्रेड-3 भूपेन्द्र सिंह द्वारा 15 हजार की रिश्वत मांगी गई थी। जिसे मंगलवार की दोपहर रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण कायम कर जांच की जा रही है।


Rewa News : धान उपार्जन केन्द्र में बेचने के लिये ग्राम टीकर में रखी 1600 बोरी धान जब्त

कोई टिप्पणी नहीं

गुरुवार, 8 दिसंबर 2022

रीवा। जिले में बनाये गये 123 खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन किया जा रहा है। जहां व्यापारियों की धान किसानों के नाम पर बेचकर लाभ लेने का प्रयास करने वालों पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। सीमावर्ती केन्द्रों में जांच नाके लगाने के साथ-साथ राजस्व विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारी खरीदी केन्द्रों में लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। राजस्व, नागरिक आपूर्ति निगम तथा खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा ग्राम टीकर में ललई यादव उर्फ संतोष यादव के घर से 1600 बोरी अवैध धान जब्त की है। जिसका मूल्य 12 लाख 24 हजार रुपए तथा वजन लगभग 622 क्विंटल बताया गया है। जब्त बोरियों में उत्तरप्रदेश सरकार खाद्य तथा रसद विभाग का मोनो लगा हुआ है। इस संबंध में एसडीएम अनुराग तिवारी ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। आरोपी ललई यादव द्वारा बताया गया कि उनके घर में वर्तमान सरपंच टीकर के पति शंकरदयाल गुप्ता द्वारा उत्तरप्रदेश से लाकर धान रखी गई है, जिसे समर्थन मूल्य पर बेचने का प्रयास किया जा रहा है। उनके पास खेती योग्य जमीन नहीं है तथा उन्होंने धान उपार्जन के लिए पंजीयन भी नहीं कराया है। प्रथम दृष्टया अवैध पाए जाने पर धान को जब्त कर शासकीय गोदाम में सुरक्षित किया गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है, इसमें लिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। जांच की कार्यवाही नायब तहसीलदार गोविंदगढ़, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम पंकज बोरसे, खाद्य निरीक्षक सुभाष द्विवेदी तथा दिलीप मिश्रा द्वारा की गई।


Rewa News : रीवा बाईपास में भीषण सड़क हादसा, कार के अंदर दो जिंदा जले

कोई टिप्पणी नहीं

मंगलवार, 6 दिसंबर 2022

मामला चोरहटा थाना अंतर्गत जेपी ओवरब्रिज के पास का, मौके पर पहुंचे कलेक्टर-एसपी 

रीवा। चोरहटा थाना अंतर्गत जेपी ओवरब्रिज के पास भीषण सड़क हादसा हुआ है। दुर्घटना में दो कार सवार जिंदा जल गए है। पुलिस के मुताबिक रविवार-सोमवार की दरमियानी रात्रि लगभग 2 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने सीएनजी लगी कार को ठोकर मार दी, जिससे कार 100 मीटर तक घसीटते रहा और अचानक कार के अंदर आग लग गई।

जिससे कार के अंदर ही दो लोग फंस कर जिंदा जल गए है। पुलिस ने कार के अंदर मिले कंकाल के आधार पर मृतकों की शिनाख्त कर ली है। दुर्घटना की जानकारी मिलते मंगलवार की सुबह कलेक्टर मनोज पुष्प, एसपी नवनीत भसीन, एएसपी अनिल सोनकर, सीएसपी शिवाली चतुर्वेदी, चोरहटा थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पांडेय मौके पर पहुंचे है।

चोरहटा थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पांडेय ने बताया कि 5 दिसम्बर की रात लगभग 2 बजे कार सवार अमित अग्रवाल निवासी ढेकहा और छोटेलाल शुक्ला निवासी पैपखरा हाल निवास दुबारी नेशनल हाईवे 30 स्थित बाईपास के रास्ते रतहरा की ओर से जेपी मोड आ रहे थे। वहीं ट्रक सतना से प्रयागराज की ओर जा रही थी। जहां ओवरब्रिज पहुंचते ही ट्रक ने कार को सामने से टक्कर मारते हुए कार को घसीटने लगा, जिससे कार में आग लग गई।

दोनो मृतको ने कार से बाहर निकालने किया था संघर्ष

सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट के प्रभारी डॉ. आरपी शुक्ला ने बताया कि हादसे के बाद दोनों मृतकों ने कार के अंदर काफी संघर्ष किया है। संघर्ष के कारण एक युवक का हाथ भी टूट गया था। फिलहाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी हर एक एंगल को जांच रहे है।


Don't Miss
© all rights reserved
made with NEWSANUPPUR