पुलिस ने बिलासपुर छग के फरहदा गांव से किया गिरफ्तार
अनूपपुर। नकली नोट के मामले में जैतहरी पुलिस की टीम ने बुधवार ८ नवम्बर को एक अन्य आरोपी अनिल शरण को गिरफ्तार कर उसके पास से ९८ हजार ५०० रूपए के नकली नोट जब्त किए। जब्त किए सभी नकली नोट ५०० रूपए के हैं। इस दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से प्रिंटर, स्क्रैनर, पेपरकटर मशीन सहित अन्य सामग्रियां जब्त की गई। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर जैतहरी ले आई, जहां न्यायालय में प्रस्तुत कर उसे रिमांड पर लेकर उससे मामले में शामिल अन्य लोगों सहित अन्य बिन्दूओं पर पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपी अनिल शरण बिलासपुर जिला सीपत थाना स्थित फरहदा गांव निवासी बताया जाता है, जो इससे पूर्व नकली नोटों के साथ गिरफ्तार हुए आरोपी भुजबल सिंह के साथ रूपए के लेन-देन में सहभागी है। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन के अनुसार गिरफ्तार कर आए गए आरोपी अनिल शरण से हुई पूछताछ में यह बात सामने आई कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों द्वारा असली नोट के बदले नकली नोट की अदला-बदली की जाती थी। जिसे आरोपियों द्वारा बाजार में आसानी से भेजा दिया जाता था। हाल के दिनो जैतहरी पुलिस द्वारा जब्त किए गए १ लाख १० हजार १०० रूपए और तीन आरोपियों में भुजबल ने ३० हजार असली नोट के बदले १ लाख नकली नोट का सौदा किया था। जिसे ६० हजार असली नोट देकर २ लाख नकली नोट लिए थे। इससे पूर्व नकली नोट से जुड़े आरोपियों ने १०० के नकली नोट का भी कारोबार किया है। लेकिन फिलहाल पुलिस इस सम्बंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि पूर्व के गिरफ्तार आरोपियों ने बिलासपुर निवासी किसी डॉक्टर के पास से नकली नोट आने की जानकारी दी गई थी। जिसके तहत टीम द्वारा लगातार सूचनाओं के आधार पर आगे की कार्रवाई कर आरोपियों तथा नोटों को जब्त करने में जुटी है। विदित हो कि जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम जरियारी छातापटपर में १ नवम्बर की शाम दुकान से राशन खरीदकर ५०० के दो नोट दुकानदार को थमाने तथा इनमें एक नकली नोट की सम्भावना जताकर ३ नवम्बर को थाने में दुकानदार द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिसमें नकली नोट देने वाले प्रथम आरोपी मथुरा प्रजापति की गिरफ्तारी के उपरांत तीन आरोपियों के नाम सामने आए थे। जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए १ लाख १० हजार १०० रूपए के नकली नोट के साथ पारस यादव, रूपलाल पुरी पिता घासीलाल पुरी निवासी बर्घरा मरवाही बिलासपुर तथा भुजबल सिंह पिता संतराम मरावी निवासी सेमरा रतनपुर बिलासपुर को गिरफ्तार किया था। इससे पूर्व भुजबल के पास से ७० हजार रूपए के नकली नोट बरामद किए गए थे। लेकिन अब अनिल शरण से ९८ हजार ५०० के नकली नोट जब्त कर सबसे बड़ी रकम जब्त की गई है।
इनका कहना है
नकली नोट के मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी की गई जिसके पास से ९८ हजार ५०० रूपए नकली नोट जब्त के साथ कम्प्यूटर एवं प्रिंटर सहित अन्य सामग्रियां जब्त की गई है। सुनील कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक अनूपपुर


कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें