Responsive Ad Slot

ताजा खबर

latest

सिंघौरा में अतिरिक्त धान उपार्जन केद्र बनाए जाने मिली अनुमति

सोमवार, 6 जनवरी 2020

/ by News Anuppur

विधायक एवं कलेक्टर की पहल लाई रंग, कृषको ने व्यक्त की खुशी 
वेंकटनगर। वेंकटनगर धान खरीदी केन्द्र में चल रही भर्रेशाही एवं किसानो को धान बेचने में आ रही परेशानियों की शिकायत पर 5 जनवरी को विधायक पुष्पराजगढ़ फुंदेलाल सिंह मार्को ने वेंकटनगर धान खरीदी केन्द्र पहुंच औचक निरीक्षण करते हुए केन्द्र में फैली अव्यवस्थाओं पर भड़क गए। जिस पर खरीदी प्रबंधक एवं प्रभारी को जमकर फटकार लगाते हुए किसानो को धान बेचने में आ रही समस्याओं से रूबरू होते हुए तत्काल समस्या निराकरण किए जाने का आश्वासन दिया गया। जिसके बाद विधायक पुष्पराजगढ़ ने कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर से चर्चा करते हुए वेंकटनगर धान खरीदी केन्द्र में आ रही समस्याओं से अवगत कराते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 में ही अतिरिक्त उपार्जन केन्द्र स्थापित किए जाने   की मांग की गई। जिस पर कलेक्टर ने तत्काल ही संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय भोपाल अविनाश लवानिया को पत्र लिख वेंकटनगर खरीदी केन्द्र से लगभग 10 किमी दूर ग्राम पंचायत सिंघौरा में  अतिरिक्त उपार्जन केन्द्र स्थापित किए जाने की मांग की गई।
विधायक की मांग पर कलेक्टर ने लिखा पत्र
जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 में शासन द्वारा 20 उपार्जन केन्द्र स्वीकृत किए गए थे। जिसके अनुसार जिले में 20 धान उपार्जन केन्द्र स्थापित कर धान का उपार्जन कार्य कराया जा रहा है। जहां जैतहरी तहसील अंतर्गत धान उपार्जन केन्द्र वेंकटनगर में उपार्जन कार्य हेतु स्थानाभाव होने एवं कृषको की संख्या अधिक होने के कारण धान खरीदी में कठिनाई उत्पन्न हो रही है। भौगोलिक दृष्टि व दूरी को देखते हुए उक्त केन्द्र के किसानो को अन्य उपार्जन केन्द्र में सलग्र किया जाना भी संभव नही है जिस कारण संबंधित उपार्जन केन्द्र में कानून व्यवस्था की विपरीत स्थिति निर्मित हो रही है। विधानसभा क्षेत्र पुष्पराजगढ़ के विधायक द्वारा उक्त क्षेत्र में एक अतिरिक्त उपार्जन केन्द्र स्थापित किए जाने हेतु अनुरोध किया गया है।  उक्त परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित क्षेत्र के आसपास स्थित 10-12 ग्रामो के कृषको से उपार्जन हेतु ग्राम सिंघौरा में एक अतिरिक्त धान उपार्जन केन्द्र या उप केन्द्र खोलने की अनुमति मांगी गई है।
विधायक की पहल पर अतिरिक्त उपार्जन केन्द्र की मिली अनुमति
पूरे मामले में जहां विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को की पहल पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय भोपाल के संचालक ने कलेक्टर के पत्र के अनुरोध पर ६ जनवरी को ग्राम पंचायत सिंघौरा में खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 को ही अतिरिक्त उपार्जन केन्द्र खोले जाने की अनुमति प्रदान कर दी है। जानकारी के अनुसार पूर्व में वेंकटनगर ग्राम पंचायत में 26 ग्रामो के 713 पंजीकृत कृषक रहे है। जिस पर किसानो का उपार्जन केन्द्र से दूरी व संख्या को देखते हुए एक अतिरिक्त उपार्जन केन्द्र सिंघौरा बना दिया गया है। जहां १४ ग्रामो को वेंकटनगर केन्द्र से अलग कर दिया गया है, जिनमें खुरसा के 1, सिंघौरा के 39, सुलकारी के 35, भेलमा के 1, पोंडी में 26, मनौरा के 10, कपरिया के 25, लहसुना के 23, मानिकपुर के 78, पाटन के 16, खोडरी में 30, भैनाडोंगरी के 6, चोरभठी के 67 एवं गोधन के 22 किसान अपनी धान को सिंघौरा उपार्जन केन्द्र में बेच सकेगे।
दो से तीन दिन में संचालित होगा अतिरिक्त उपार्जन केन्द्र
जानकारी के अनुसार 6 जनवरी को संचालनालय द्वारा ग्राम पंचायत सिंघौरा में अतिरिक्त उपार्जन केन्द्र बनाए जाने की अनुमति मिलने के बाद से जिला प्रशासन द्वारा दो से तीन दिनो के अंदर अतिरिक्त केन्द्र बनाए जाने की तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी प्रदीप द्विवेदी ने बताया की सिंघौरा में अतिरिक्त उपार्जन केन्द्र बनाए जाने की तैयारियां जोरो पर है, जहां पर बारदाना एवं कम्प्यूटर, तौल कांटा, सिंलाई मशीन, ऑपरेटर अन्य सामग्री तैयारी पूर्ण कर दो से तीन दिन के अंदर नवीन उपार्जन केन्द्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। जहां सिंघौरा में अतिरिक्त उपार्जन केन्द्र बनाए जाने पर किसानो सहित वरिष्ठ नागरिको ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को एवं कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर को धन्यवाद व्यक्त किया है। जिसमें प्रमुख रूप से वेंकटनगर के कृषक लाल गया सिंह, उप सरपंच वेदप्रकाश पांडेय, कृषक योगेन्द्र सिंह, धिरेन्द्र सिंह भदौरिया, पुष्पेन्द्र सिंह, वेद प्रकाश ओझा, हरिशचंद्र यादव, विश्वनाथ तिवारी, संदीप सोनी, दिलीप सिंह राठौर बीड़, गुलाब सिंह चोरभटी, धर्मदास चौधरी मनौरा, राजकुमार राठौर बीड़, नत्थूलाल प्रजापति मनौरा, तेरसू प्रजापति मनौरा, राजेश सिंह राठौर गोरसी, गजेन्द्र सिंह गोरसी, गणेश सिंह राठौर मानिकपुर, मनोज राठौर बीड़, सतीश सिंह रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

'
Don't Miss
© all rights reserved
made with NEWSANUPPUR