Responsive Ad Slot

ताजा खबर

latest

25 वर्षो से बंद पड़ा उप स्वास्थ्य केन्द्र लामाटोला का भवन, भूत-प्रेत होने की फैली है अफवाह

25 वर्षो से बंद पड़ा उप स्वास्थ्य केन्द्र लामाटोला का भवन, भूत-प्रेत होने की फैली है अफवाह

शुक्रवार, 27 मई 2022

/ by News Anuppur

उप स्वास्थ्य केन्द्र लामाटोला भवन जहां रहता भूत-प्रेतों का डेरा 

उपचार हेतु ग्रामीणों नही पहुंचते स्वास्थ्य केन्द्र, स्वास्थ्य कर्मियों ने पंचायत भवन में की वैकल्पिक व्यवस्था 

अनूपपुर। अनूपपुर जिले के कोतमा में एक ऐसा उप स्वास्थ्य केन्द्र जहां भूतो का डेरा होने, तो कुछ में धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ठाकुरबाबा का प्रकोप होनो संबंधी अफवाह पिछले कई वर्षो से फैली हुई है, जिसके कारण ग्रामीण अपना उपचार कराने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के भवन जाने से डरते है। अगर इस भवन में कोई जाता है, तो उसे रात में भूत-प्रेत के डरावने सपने या फिर सांप दिखना प्रारंभ हो जाता है। इसी वजह से पिछले 25 वर्षो से उप स्वास्थ्य केन्द्र लामाटोला का भवन ही नही खुला। जिसको देखते हुये स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों द्वारा पिछले कई वर्षो तक ग्रामीणों में जागरूकता लाने का भरसक प्रयास किया गया, लेकिन कोई समाधान नही निकलने पर स्वास्थ्य केन्द्र का संचालन व ग्रामीणों के उपचार के लिये वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा अब तक किराये के घर, आंगनबाड़ी भवन व ग्राम पंचायत भवन के एक कमरे में ही उप स्वास्थ्य केन्द्र लगाने विवश हो गये। इस पूरी कवायद में जहां उप स्वास्थ्य केन्द्र लामाटोला का भवन बिना खुले ही पूरी तरह से जर्जर हो गया है, जिसका मेंटनेंस कार्य भी किया गया इसके साथ शासन स्तर से नवीन उप स्वास्थ्य केन्द्र लामाटोला का आवासीय भवन स्वीकृत है, लेकिन ग्रामीणों में विवाद होने के कारण अब तक भवन निर्माण का कार्य प्रारंभ नही हो सका है। 

इस पूरे मामले को लेकर जब ग्राम पंचायत लामाटोला के ग्रामीणों से चर्चा की गई, तो उन्होने बताया कि उप स्वास्थ्य केन्द्र लामाटोला भवन के पीछे स्थापित ठाकुर बाबा धाम है। जहां ग्रामीणों की मान्यता है कि ठाकुर बाबा इस भवन निर्माण से नाराज है तो कुछ ग्रामीणों का कहना है कि बीते 25 वर्षो से बंद उप स्वास्थ्य केन्द्र का भवन में भूत-प्रेत का निवास हो गया है। जानकारी के अनुसार बीते 25 वर्षो से उप स्वास्थ्य केन्द्र का भवन सिर्फ 5 वर्षो के लिये खुला और वहां पदस्थ एएनएम सुशील सिंह के पति को सोते समय जहरीले सर्प ने काट लिया था। जिसके बाद कुछ ग्रामीणों में इसे ठाकुर बाबा धाम का प्रकोप तो किसी ने उप स्वास्थ्य केन्द्र के भवन में भूत का साया होने की अफवाह फैल गई।

सरपंच -सचिव ने माना भूत-प्रेत की अफवाह
सरपंच लामाटोला आनंद सिंह
 सरपंच लामाटोला आनंद सिंह 

ग्राम पंचायत लामाटोला के सरपंच आनंद सिंह से जब उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन में फैली भूत-प्रेत संबंधी अफवाह के संबंध में पूछा गया, तो उन्होने बताया कि उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन में भूत-प्रेत होने की अफवाह स्वीकार की। सरपंच ने बताया कि वास्तविकता में एैसा कुछ नही है। यह सब लोगो के मन का भ्रम है। यह अफवाह सिर्फ गांव के बुजुर्गो में है, युवा पीढ़ी इनसे बिल्कुल अंजान है और वे इन अफवाहों पर भरोसा नही करती है। वहीं सचिव वीरभद्र जोशी से जब बात की गई तो उन्होने भी भूत-प्रेत अफवाहों को स्वीकार किया गया, सचिव ने बताया कि 6 माह पूर्व ही मै ग्राम पंचायत में आया हूॅ। मुझे ज्यादा जानकारी नही है, लेकिन उप स्वास्थ्य केन्द्र में भूत-प्रेत संबंधी अफवाह फैली हुई है। 

ग्रामीणों में जागरूकता की जरूरतः सीएचओं व एएनएम 
लामाटोला सीएचओं अंजना सिंह मार्को

 उप स्वास्थ्य केन्द्र लामाटोला में पदस्थ सीएचओं अंजना सिंह मार्को ने बताया की वर्ष 2020 में मै यहां पदस्थ हुई, तब उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन में ग्रामीण अपना उपचार कराने आने से डरते थे, शुरू मे उपचार करने मुझे भवन से बाहर निकलना पड़ता था। ग्रामीणों के उपचार कराने उप स्वास्थ्य केन्द्र नही आने पर कुछ दिनों तक किराये के मकान, आंगनबाड़ी केन्द्र और उसके बाद अब पंचायत भवन का एक कमरे में किया जा रहा है। जहां भूत-प्रेत की अफवाहों के प्रति ग्रामीणों को भी हम लोगो के द्वारा जागरूक किया जा रहा है। लामाटोला एएनएम सुशील सिंह ने बताया कि मै वर्ष 2007 में लामाटोला उप स्वास्थ्य केन्द्र आई, जहां कुछ दिनों तक गांव के ही बाबूलाल सिंह गोड़ पोस्टमास्टर के घर में संचालित था, जिसके बाद मैने उप स्वास्थ्य केन्द्र के भवन को खोलकर कार्य करने लगी, इस बीच मेरे पति संतोष सिंह को अचानक भवन के अंदर सोते समय सर्प ने काट लिया था। जिसे ग्रामीणों ने भवन के अंदर भूत-प्रेत तो कुछ ने इसे ठाकुर बाबा का प्रकोप समझ लिया और हमे मजबूरी में वर्ष 2011 में उप स्वास्थ्य केन्द्र का संचालन पंचायत भवन के कमरे सहित अन्य जगहों से करना पड़ा है।

25 वर्षो से बंद भवन में भूत-प्रेतो का ही रहेगा डेरा
रामभजन पटेल, ग्रामीण

ग्राम पंचायत लामाटोला निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग रामभजन पटेल ने बताया कि उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन में भूत रहने संबंधी अफवाह फैली हुई है। उनका कहना है जो भवन 25 वर्षो से नही खुला उसमें भूत प्रेत अपना डेरा जमा लेते है, मुझे आज तक उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन के आसपास कभी भी भूत-प्रेत नही दिखा। बुजुर्ग का कहना है कि लोगो में भूत-प्रेत होने का भ्रम है। वहीं भवन के आसपास व पीछे साफ-सफाई न व झाड़ियों को न काटे जाने के साथ ही जहरीले जीव जंतू कई वर्षो तक बंद भवन में रहने लगते है। लेकिन के कुछ ग्रामीणों ने इसे भूतों का डेरा ही मान लिया है।

मन के भय का है भूत-प्रेत
युवा दीपू पटेल मुड़धोवाटोला


उप स्वास्थ्य केन्द्र लामाटोला के बगल से निवास करने वाले युवा दीपू पटेल ने बताया कि हमारा घर तो बगल से है लेकिन मैने भूत-प्रेत संबंधी अफवाह को नही सुना हॅू, ना ही मै भूत-प्रेत को मानता हॅू। अगर यहां पर भूत-प्रेत होता हम लोग उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन के पास रात के समय घंटो बैठते है। लेकिन पुराने समय से चली आ रही भूत-प्रेत की अफवाह ग्रामीणों के मन का भय बन चुकी है। युवा ने बताया की भय ही भूत है। जिसके मन में भय है उसके लिये भूत-प्रेत हर जगह है, रही बात ठाकुर बाबा धाम प्रकोप की तो धार्मिक मान्यताओं के अनुसार किसी भी धाम के आसपास साफ-सफाई आवश्यक है। जहां गदंगी होने पर ही उनका प्रकोप होता है। मुझे भूत-प्रेत की अफवाहों पर बिल्कुल विश्वास नही है। इसके लिये स्वयं सेवी संस्थाओं सहित प्रशासनिक अधिकारियों को इन अफवाहों के संबंध में ग्रामीणों को जागरूकता लाने प्रयास किया जाना है, जिसकी हमारे गांव मंे कमी है।

इनका कहना है

ग्रामीणों के मन से भूत-प्रेत का भय निकालने के लिये उन्हे जागरूक किया जायेगा, उप स्वास्थ्य केन्द्र में ग्रामीणो के नही आने पर सामने पंचायत भवन में उपचार हेतु वैल्पिक व्यवस्था की गई है। 

डाॅ. के.एल. दीवान, बीएमओं कोतमा 





कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

'
Don't Miss
© all rights reserved
made with NEWSANUPPUR