अनूपपुर। अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र अंतर्गत शारदा माइंस इलाके में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ऊंचे टीले पर लगभग 25 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव संदिग्ध हालत में मिला। घटना की जानकारी एक चरवाहे द्वारा पुलिस को दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेते हुए चिकित्सालय भिजवाया, जहां उसे परिजनों के आने तक सुरक्षित रखा गया है।
मौके पर मिली जानकारी के अनुसार महिला
का शव सजी-धजी अवस्था में पाया गया। शव के पास ही नई चप्पल और एक बैग भी मिला। बैग
में मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतका की पहचान मनीषा कहार पति दादूराम कहार निवासी
रामपुर बेलिया के रूप में की गई है। बैग से अन्य दस्तावेज भी बरामद हुए हैं,
जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने बताया
कि मृतका का पति अमलाई में निवास करता है। प्रथम दृष्टया शव की स्थिति को देखते
हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि शव करीब 15 दिन
से अधिक पुराना है। शव की हालत और घटनास्थल के सुनसान होने के कारण दुष्कर्म के
बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस एफएसएल टीम के पहुंचने का इंतजार कर रही है, ताकि घटनास्थल और शव की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके। वहीं मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उन्हें पहचान के लिए बुलाया गया है। परिजनों से पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला घर से कब और किन परिस्थितियों में निकली थी तथा उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी या नहीं। पहचान की पुष्टि के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें