अनूपपुर। जैतहरी थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मामा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। जानकारी के अनुसार नाबालिग पीड़िता की शिकायत पर थाना जैतहरी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)( एम), 64(2)( एफ), 65(1), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(l), 5(जे)(ii), 6 के तहत 21 मार्च को मामला दर्ज किया गया।
पीड़िता ने अस्पताल चौकी शहडोल में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि सितंबर 2025 में वह अपनी मां के साथ नानी के घर गई थी। इसी दौरान उसके मामा ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस घटना के चलते पीड़िता गर्भवती हो गई, जिसके बाद मामला सामने आया। अस्पताल चौकी शहडोल से जीरो पर दर्ज प्रकरण को थाना जैतहरी स्थानांतरित किया गया, जहां गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 मार्च को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम के मार्गदर्शन में की गई। महिला संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण हेतु पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी अमर वर्मा, उप निरीक्षक जी.पी.एच. तिर्की, प्रधान आरक्षक मनोज सिंह, आरक्षक मनीष तोमर, महिला आरक्षक मंजू भट्ट एवं आरक्षक रामेश्वर शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें